निर्भया स्कवाड टीम ने निभाया सामाजिक सरोकार, गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाया
जयपुर। पुलिस कमिश्नरेट की निर्भया टीम ने सामाजिक सरोकारों की दिशा में कार्य करते हुए तत्परता के साथ नाहरी का नाका शास्त्री नगर निवासी गर्भवती महिला आशातारा को अस्पताल पहुंचाया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त एवं निर्भया स्कवाड टीम की नोडल अधिकारी सुनीता मीना ने बताया कि कल रात को रईसुद्दीन नाम के व्यक्ति का फोन आया कि उसकी पत्नी गर्भवती है और परेशान हो रही है।अस्पताल जाने के लिए कोई साधन भी उपलब्ध नहीं है।इस पर उन्होंने तत्काल जनाना अस्पताल आने के लिए वाहन उपलब्ध करवाया। साथ ही स्वयं भी निर्भया टीम के साथ जनाना अस्पताल पहुँची। अस्पताल में महिला को भर्ती करवाकर इलाज शुरू करवाया। इसके पश्चात आज महिला ने पुत्री को जन्म दिया। गर्भवती के पति एवं परिवारजनों ने निर्भया टीम को संकट के समय मदद करने के लिए धन्यवाद दिया।
स्मरण रहे निर्भया टीम ने अपने जागरूकता कार्यक्रम के तहत गर्भवती महिलाओं के घर घर जाकर उनकी कुशलक्षेम पूछी थी उस दौरान टीम ने अपने फोन नम्बर भी दिये थे। इन्हीं फोन नंबरों पर महिला के पति ने फोन किया था।
Comments
Post a Comment